
पुलिसकर्मी चंद कदम दूर, फिर भी ई-रिक्शा चालकों की मनमानी जारी; बस स्टैंड पर रोजाना जाम
* कांधला दिल्ली बस स्टैंड पर ई-रिक्शाओं की मनमानी चरम पर, बसों के आगे लगा रहे वाहन; यात्रियों का उतरना-चढ़ना हुआ मुश्किल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर इन दिनों ई-रिक्शा चालकों की मनमानी यात्रियों और राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। ई-रिक्शा चालकों ने सड़क को ही सवारी बैठाने का अड्डा बना लिया है। जहां जगह मिली, वहीं ई-रिक्शा खड़ा कर सवारियां बैठानी शुरू कर देते हैं। हालात यह हैं कि बसों के आने-जाने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। इसके चलते बस स्टैंड पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ई-रिक्शा चालकों की मनमानी का आलम यह है कि वे बसों के निर्धारित स्थान पर पहुंचने से पहले ही सड़क पर अपने वाहन खड़े कर लेते हैं। जैसे ही रोडवेज या निजी बस बस स्टैंड पर पहुंचती है, ई-रिक्शा चालक बस के आगे तक अपने वाहन लगा देते हैं। कई चालक तो बस की खिड़कियों के बिल्कुल पास ई-रिक्शा खड़ा करके सवारियां बैठाने लगते हैं। इससे बस में सफर करके आने वाले यात्रियों को नीचे उतरने तक की जगह नहीं मिलती। वहीं बस में बैठने के लिए इंतजार कर रहे यात्रियों को भी अंदर जाने का रास्ता नहीं मिल पाता। बस के दरवाजे और खिड़कियों के आसपास ई-रिक्शाओं का जमावड़ा लगने से यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है।बस स्टैंड पर बसों और ई-रिक्शाओं के बीच जगह को लेकर ऐसी आपाधापी रहती है कि कई बार सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। ई-रिक्शा चालक सवारियां बैठाने की जल्दबाजी में एक-दूसरे के आगे वाहन खड़ा कर देते हैं। इस दौरान पीछे से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। पैदल चलने वाले राहगीरों को भी सड़क पर सुरक्षित रास्ता नहीं मिल पाता। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और सामान लेकर सफर करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली बस स्टैंड पर ई-रिक्शाओं की संख्या और अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। चालक निर्धारित स्थान पर खड़े होने के बजाय बसों के आगे और आसपास ही सवारियां बैठाने में लगे रहते हैं। उन्हें इस बात की भी परवाह नहीं रहती कि उनके वाहन खड़े होने से बसों का रास्ता रुक रहा है और यात्रियों को उतरने-चढ़ने में परेशानी हो रही है। सवारी जल्दी उठाने की होड़ में यातायात व्यवस्था को ताक पर रखा जा रहा है।सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि बस स्टैंड से चंद कदमों की दूरी पर ही पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर कोई प्रभावी अंकुश नजर नहीं आ रहा है। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चालक खुलेआम बसों के आगे अपने वाहन लगाकर सवारियां बैठाते रहते हैं। ऐसे में बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारने के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।कांधला के दिल्ली बस स्टैंड पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री बसों से आते-जाते हैं। ऐसे में यहां यातायात व्यवस्था सुचारु रहना बेहद जरूरी है, लेकिन ई-रिक्शाओं के बेतरतीब खड़े होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही जाम और अव्यवस्था से जूझना पड़ता है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पुलिस प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों से बस स्टैंड पर ई-रिक्शाओं को बसों के आगे और खिड़कियों के पास वाहन खड़े करने पर रोक लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो बस स्टैंड पर जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।