
देशी शराब की बिक्री करते दो आरोपी गिरफ्तार, 40 पव्वे बरामद
सादिक सिद्दीक़ी |
कांधला। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत एलम चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 पव्वे देशी शराब के साथ दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एलम चौकी इंचार्ज सचिन त्यागी को मुखबिर से सूचना मिली कि नाला नहर पटरी पर दो युवक अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहे हैं।सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक सचिन त्यागी ने उपनिरीक्षक अजय पाल, हेड कांस्टेबल भगत सिंह, कर्मजीत सिंह, शेखर और जयपाल के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम को अचानक मौके पर देखकर दोनों युवकों में अफरा-तफरी मच गई। दोनों ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 40 पव्वे देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अशोक कुमार और कोकिल निवासी गांव नाला बताए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में खलबली मची हुई है।