
घर के बाहर बैठे युवक पर लाठी-डंडों से हमला, पड़ोसी पिता-पुत्र पर आरोप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बा एलम में पड़ोसियों के बीच चल रही रंजिश को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर बैठे एक व्यक्ति पर पड़ोसी पिता-पुत्र ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।कस्बा एलम निवासी योगेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोसी उससे रंजिश रखते हैं। आरोप है कि पड़ोसी आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करते रहते हैं। इसी रंजिश के चलते मंगलवार को भी विवाद हो गया।योगेंद्र कुमार के अनुसार, मंगलवार को वह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके पड़ोसी पिता-पुत्र हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए और बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पिता-पुत्र ने लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।अचानक हुई मारपीट और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि भीड़ जुटती देख आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घटना के बाद घायल योगेंद्र कुमार ने अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराया और कांधला थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।