शाम ढलते ही जाम का हाहाकार, वाहनों की कतारों के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर शाम ढलते ही जाम ने ऐसा विकराल रूप धारण किया कि सड़क पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। देखते ही देखते मुख्य मार्ग वाहनों से पट गया। सड़क के दोनों ओर कार, बस, ट्रक, बाइक और ई-रिक्शा की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे बन गए कि पैदल निकलने तक की जगह नहीं बची। जिधर नजर दौड़ाओ, उधर वाहनों की भीड़ और जाम का नजारा दिखाई दे रहा था।शाम के समय अचानक बढ़े वाहनों के दबाव ने यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। दिल्ली बस स्टैंड पर वाहन एक-दूसरे के पीछे फंसते चले गए। आगे निकलने की होड़ में वाहन चालकों की मुश्किलें और बढ़ गईं। कोई इधर से रास्ता तलाशता नजर आया तो कोई उधर से निकलने की जुगत भिड़ाता रहा। जाम के कारण जरूरी काम से निकले लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।जाम की खबर मिलते ही कांधला पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। उप निरीक्षक ओमकार पांडे अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने में जुट गए। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर उतरकर वाहनों को एक-एक करके निकलवाया और बेतरतीब खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया। पुलिस टीम को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया, जिसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। लेकिन शाम होते ही दिल्ली बस स्टैंड पर लगने वाला जाम एक बार फिर कस्बे की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर गया।

error: Content is protected !!