
चिंगारी ने मचाई तबाही, दुकान से नकदी और दस्तावेज तक राख; मुआवजे की मांग तेज
* दुकान जली तो व्यापारी पर टूटा मुसीबतों का पहाड़, दो लाख की नकदी भी खाक; एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला आग की लपटों ने ऐसा तांडव मचाया कि व्यापारी की वर्षों की मेहनत पलभर में राख के ढेर में बदल गई। दुकान में रखा सामान, करीब दो लाख रुपये की नकदी और जरूरी दस्तावेज तक नहीं बच सके। हादसे ने व्यापारी को आर्थिक रूप से झकझोर कर रख दिया है। अब पीड़ित की मदद के लिए व्यापार मंडल ने मोर्चा संभाल लिया है और विद्युत विभाग की कथित लापरवाही पर सवाल उठाते हुए मुआवजे की मांग तेज कर दी है।कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर बुढ़ाना बस स्टैंड के निकट व्यापारी साजिद सिद्दीकी की दुकान में 15 नवंबर को विद्युत लाइन में आग लगने से भीषण हादसा हुआ था। आग ने देखते ही देखते दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा व्यापारिक सामान, करीब दो लाख रुपये की नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक समेत तमाम महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। व्यापारी के सामने अब दोबारा कारोबार खड़ा करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
बुधवार को केंद्रीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी पीड़ित व्यापारी के समर्थन में कैराना तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने उपजिलाधिकारी शिवाजी यादव को ज्ञापन सौंपकर नुकसान की भरपाई कराने की मांग की। व्यापार मंडल ने आशंका जताई कि आग विद्युत मीटर से पहले लगी थी, ऐसे में विद्युत विभाग की भूमिका की निष्पक्ष तकनीकी जांच जरूरी है।केंद्रीय उद्योग व्यापार मंडल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट सचिन गोयल ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट प्राप्त करने और राजस्व विभाग से स्थलीय सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में विद्युत विभाग की लापरवाही साबित होने पर पीड़ित व्यापारी को संपूर्ण क्षतिपूर्ति दिलाई जाए। साथ ही उसे तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।व्यापार मंडल का कहना है कि हादसे ने व्यापारी की दुकान ही नहीं जलाई, बल्कि उसकी रोजी-रोटी पर भी संकट खड़ा कर दिया है। ऐसे में पीड़ित को कागजी कार्रवाई में उलझाने के बजाय जल्द से जल्द राहत और मुआवजा मिलना चाहिए।