
कांधला पुलिस ने 48 घंटे में किया चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
* एलम कस्बे की कपड़ा दुकान से हुई नकदी चोरी का पर्दाफाश, 4,700 रुपये बरामद
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला पुलिस ने एलम कस्बे में कपड़े की दुकान से हुई नकदी चोरी की घटना का महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 4,700 रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, 11/12 अगस्त 2026 की रात एलम कस्बे में स्थित एक कपड़े की दुकान में अज्ञात चोरों ने नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही कांधला पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक सुनीत शुक्ला के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कांधला पुलिस ने लगातार जांच, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 13 अगस्त 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम पुत्र सलीम तथा मंसाद पुत्र नशरा, निवासी मोहल्ला शेखजादगान, कस्बा कांधला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई 4,700 रुपये की नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।