
जहरीले जीव के डंक से तड़पा पांच वर्षीय मासूम, हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर
*
सादिक सिद्दीकी
कांधला । थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर दुगाड़ा में एक पांच वर्षीय मासूम को किसी जहरीले जीव के काट लेने से उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। बच्चे को उल्टी, चक्कर और बेहोशी जैसी स्थिति होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांधला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज और निगरानी के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव हाजीपुर दुगाड़ा निवासी मुनव्वर का पांच वर्षीय पुत्र समी घर पर था। इसी दौरान उसे अचानक तेज उल्टियां होने लगीं और चक्कर आने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। बच्चे की बिगड़ती हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए। जब परिजनों ने बच्चे की पीठ की जांच की तो वहां किसी जहरीले जीव के काटने के दो निशान दिखाई दिए, जिससे आशंका जताई गई कि उसे किसी विषैले जीव ने काट लिया है।
परिवार के सदस्य सलीम ने बताया कि बच्चे में उल्टी और चक्कर जैसे लक्षण दिखाई देने के बाद तुरंत उसकी पीठ देखी गई, जहां काटने के निशान मिले। इसके बाद बिना देर किए बच्चे को उपचार के लिए सीएचसी कांधला पहुंचाया गया।
सीएचसी में मौजूद चिकित्सकों ने बच्चे को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे बेहतर इलाज और लगातार चिकित्सकीय निगरानी के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया है।
घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को जहरीले जीव के काटने की आशंका हो तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा करानी चाहिए, ताकि समय रहते उचित इलाज मिल सके।