Oplus_131072

 

ग़ाज़ियाबाद। आज दिनांक 07 दिसंबर को पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा थाना विजयनगर का भ्रमण किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस, मिशन शक्ति केन्द्र, अभिलेखों की जांच की और थाने की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई प्रणाली तथा महिलाओं की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर भी मौजूद रहे।

भ्रमण के दौरान पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि प्रतिदिन नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाए, तथा शिकायतकर्ताओं के साथ मृदुल, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों पर त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि जनविश्वास और मजबूत हो।

महिला सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि महिला शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारित किया जाए। उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्र में आने वाली महिलाओं को उचित मार्गदर्शन और परामर्श प्रदान करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस आयुक्त ने थाने की साफ-सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि थाना परिसर, कार्यालय और बैरिक में नियमित साफ-सफाई रखी जाए। आगन्तुकों के लिए प्रतीक्षालय (वेटिंग एरिया) में बैठने की उचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ शौचालय सुनिश्चित किए जाएं। महिला शिकायतकर्ताओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो।

सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति की जांच के दौरान आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी कैमरे चालू और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। साथ ही, नियमित रूप से उनकी जांच भी की जाए।

मालखाने और डाक ऑफिस के निरीक्षण में उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि अभियोगों से संबंधित सारे अभिलेख और जब्त सामग्री उचित तरीके से सुरक्षित और व्यवस्थित रखी जाए तथा रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किया जाए

भ्रमण के दौरान पुलिस आयुक्त ने थाना पर नियुक्त उपनिरीक्षकों से चर्चा की और लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से तथ्यों की गहराई और साक्ष्यों की शुद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अंत में पुलिस आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस जनता के हित में अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी और संवेदनशील बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जोर दिया कि जनसुनवाई, जनसंवाद और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को सुदृढ़ बनाकर एक जनोन्मुखी और आधुनिक पुलिस तंत्र की स्थापना की दिशा में काम जारी रहेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!