IMG-20250505-WA0036

 

हरियाणा पुलिस पर युवक की हत्या और यमुना में फेंकने का आरोप, परिजनों ने यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर लगाया जाम!

छेड़छाड़ के आरोप में सनौली पुलिस ने की मारपीट? युवक का शव यमुना से बरामद, मृतक के भाई ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना!

मृतक विजय की फाइल फोटो 

कैराना (उत्तर प्रदेश)। हरियाणा पुलिस के जवानों पर युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को पीट-पीटकर हत्या करने और उसका शव यमुना नदी में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने सोमवार को यूपी-हरियाणा सीमा पर जाम लगाकर हंगामा किया। मृतक युवक के भाई ने तीन नामजद और दो अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।

23 वर्षीय विजय (पुत्र अजब सिंह), जो कांधला कस्बे के शेखजादगान मोहल्ले का निवासी था, का शव सोमवार को यमुना नदी में तैरता हुआ मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि रविवार शाम हरियाणा पुलिस ने विजय और उसके भाई अजय को एक युवती से छेड़छाड़ के आरोप में पीटा, जिसके बाद विजय की मौत हो गई।

मृतक विजय का शोकाकुल परिवार

शव मिलने के बाद परिजन यूपी-हरियाणा बॉर्डर स्थित यमुना ब्रिज के पास पहुंचे और सनौली थाने के नाके के सामने नेशनल हाइवे-709ए को जाम कर दिया। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारि और कार्यवाही की मांग की। समालखा सीओ नरेंद्र सिंह और कैराना कोतवाली प्रभारी समेत अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया।

बताया गया है कि विजय और अजय हलवाई का काम करते थे। रविवार को दोनों भाई कुरुक्षेत्र से पानीपत ट्रेन से पहुंचे और वहां से ऑटो द्वारा कैराना लौट रहे थे। रास्ते में एक युवती भी ऑटो में बैठ गई। युवती ने टोल प्लाजा पर पहुंचकर दोनों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इस पर हरियाणा पुलिस के एक जवान ने उन्हें पीटा। सीसीटीवी फुटेज में यह घटना कैद हुई है।

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल:

आरोप है कि सनौली थाने के पुलिसकर्मियों ने दोनों भाइयों को अलग-अलग ले जाकर मारपीट की। रात करीब 9 बजे पुलिस ने अजय को उनके पिता को सौंप दिया, लेकिन विजय के “फरार” होने का दावा किया। अगले दिन विजय का शव यमुना में मिला। परिजनों ने पुलिस पर 2,000 रुपये की रिश्वत लेने का भी आरोप लगाया।

प्रशासन की प्रतिक्रिया:

डीएसपी समालखा नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक के भाई अजय ने सनौली थाने में तहरीर देकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य मामले दर्ज कराए हैं। पुलिस ने जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने पर कठोर कार्यवाही होगी।

नोट: यह ख़बर वर्तमान जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। पुलिस जांच के नए तथ्य सामने आने पर अपडेट किया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!