कैराना में महिला तस्कर गिरफ्तार, 15 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक कांटे के साथ धरी गई गई!
मादक पदार्थ तस्करी के ख़िलाफ़ कैराना पुलिस का बड़ा अभियान: पति के बाद पत्नी भी सलाख़ों के पीछे!
धर्मेन्द सिंह का बड़ा एक्शन: वांछित महिला तस्कर से स्मैक बरामद, एक दूसरे मामले में भी वांछित है रेशमा!
कैराना (शामली)। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त एक वांछित महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान उसके कब्जे से 15 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ है। गिरफ्तार महिला की पहचान रेशमा (पति-फुरकान), निवासी मोहल्ला आर्यपुरी, कैराना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह महिला पहले से ही मादक पदार्थ तस्करी के एक अन्य मामले में वांछित चल रही थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार को एसपी शामली रामसेवक गौतम के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर रेशमा को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 ग्राम स्मैक और ड्रग्स तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार महिला का परिवार पहले से ही मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है। विगत दिनों में रेशमा के पति फुरकान को भी नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस का मानना है कि यह परिवार क्षेत्र में ड्रग्स की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी महिला लंबे समय से पुलिस की रडार पर थी। इससे पहले भी उस पर तस्करी के आरोप लग चुके हैं। बरामद सामग्री और सबूतों के आधार पर उसका चालान कोर्ट में किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है ताकि ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
लगातार जारी है अभियान:
एसपी गौतम ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अगर किसी को भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले, तो वह पुलिस को तुरंत सूचित करे। इस मामले में आरोपी पर NDPS अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।