दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने से परिजन परेशान, युवक पर ले जाने का आरोप

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव कनियान और डागरौल से दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना से दोनों लड़कियों के परिजन परेशान हैं। परिजनों ने कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए दोनों नाबालिगों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है।परिजनों के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली है कि गांव भडल धनोरा निवासी देव नामक युवक दोनों नाबालिग लड़कियों को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया है। बताया गया है कि आरोपी युवक पिछले कई वर्षों से कस्बा एलम में अपने मामा के घर रह रहा है। दोनों लड़कियों के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

काफी तलाश के बाद भी लड़कियों का कोई सुराग नहीं लगने पर दोनों के परिजन कांधला थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने पुलिस से दोनों नाबालिग लड़कियों को जल्द सकुशल बरामद कराने की गुहार लगाई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों नाबालिग लड़कियों की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!