
दहेज में कार नहीं मिली तो विवाहिता को पीटा, फंदे पर लटका मिला शव
कांधला।
दहेज में कार की मांग को लेकर विवाहिता के उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों के बीच रविवार 28 वर्षीय विवाहिता का शव ससुराल में फंदे पर लटका मिला। घटना से पहले विवाहिता ने अपने भाई को फोन कर बचाने की गुहार लगाई थी। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के थाना भौराकलां क्षेत्र के गांव खेड़ी सुन्दियान निवासी हर्ष चैधरी ने बताया कि उसकी बहन सलोनी 28 की शादी इसी वर्ष 11 मार्च को कांधला के कैराना रोड निवासी आशीष पुत्र सहदेव सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में लगभग छ लाख रुपये नकद समेत पर्याप्त दान-दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कार की मांग करते थे और सलोनी के साथ मारपीट करते थे। उत्पीड़न के चलते वह कुछ समय से मायके में रह रही थी। हर्ष के मुताबिक करीब 15 दिन पहले आशीष सलोनी को यह भरोसा दिलाकर अपने साथ ले गया था कि अब कोई मांग नहीं की जाएगी। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद फिर मारपीट शुरू हो गई। पीडित ने बताया कि रविवार सुबह सलोनी ने उसे फोन करके बचाने की गुहार लगाई। हर्ष के अनुसार फोन पर मारपीट और गाली-गलौज की आवाज भी सुनाई दी। वह ससुराल पहुंचा तो सलोनी कमरे में पंखे से फंदे पर लटकी मिली। दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को नीचे उतार कर उसका पंचनामा भरकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई हर्ष की तहरीर के आधार पर पति आशीष, ससुर सहदेव व सास मुनेश के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तालाश में दबिश दे रही है।