
झाड़-फूंक के नाम पर खेल सवाल पड़े तो बाइक छोड़कर नौ-दो-ग्यारह हुआ कथित आरोपी
* इलाज के नाम पर रकम ऐंठने का आरोप, दो पीड़ितों ने खोली पोल पूछताछ शुरू होते ही खिसक गया कथित झाड़-फूंक करने वाला, मौके पर मिली बाइक
सादिक सिद्दीक़ी |
कांधला। बीमारी ठीक करने का दावा, झाड़-फूंक का भरोसा और फिर हजारों रुपये की वसूली… कांधला की हमजा कॉलोनी में सामने आए कथित ठगी के इस मामले ने लोगों को हैरान कर दिया। आरोप है कि बीमारी से परेशान दो लोगों को ठीक करने का भरोसा देकर एक व्यक्ति ने करीब 45 हजार रुपये वसूल लिए। लेकिन जब पीड़ितों ने हिसाब-किताब और इलाज का नतीजा पूछना शुरू किया तो कथित आरोपी के सामने ऐसी आफत आई कि सवालों का जवाब देने के बजाय बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।मामले में बस्ती निवासी परवेज ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके परिवार के बुजुर्ग साबिर के पैरों में सुन्नपन की समस्या थी। इसी दौरान वह कथित आरोपी के संपर्क में आए। आरोप है कि बीमारी ठीक करने और झाड़-फूंक के नाम पर उनसे करीब 25 हजार रुपये ले लिए गए। रकम जाने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई तो पीड़ितों को पूरे मामले पर शक होने लगा।दूसरे पीड़ित भूरा ने भी आरोप लगाया कि उससे बीमारी ठीक करने और झाड़-फूंक के नाम पर करीब 20 हजार रुपये लिए गए। दोनों पीड़ितों के मुताबिक, जब उन्होंने इलाज और रकम को लेकर सवाल उठाए तो मामला अचानक गर्म हो गया।आरोप है कि जैसे ही पीड़ितों ने कथित आरोपी से पैसे और इलाज का हिसाब मांगना शुरू किया, वह वहां से निकलने की जुगत में लग गया। देखते ही देखते कथित आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन उसकी जल्दबाजी में एक बड़ी चूक हो गई अपनी बाइक वहीं छोड़ गया।मौके पर खड़ी बाइक संख्या UP-19-U-2889 को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को कब्जे में ले लिया। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि झाड़-फूंक और इलाज के नाम पर वास्तव में क्या-क्या हुआ और पीड़ितों से रकम किस आधार पर ली गई।पीड़ितों ने पुलिस से कथित रूप से ठगी गई रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज है कि आखिर बीमारी ठीक करने का दावा करने वाला सवालों से इतना क्यों घबराया कि जवाब देने के बजाय बाइक ही छोड़कर भागना पड़ा?हालांकि पूरे मामले की असली तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। मौके से बाइक कब्जे में ली गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।