
पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी, दुकानदार ने थाने में दी नामजद तहरीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला उधार दिए पांच हजार रुपये वापस मांगना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि रकम मांगने पर युवक ने पैसे लौटाने के बजाय दुकानदार से गाली-गलौज शुरू कर दी और दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी तक दे डाली। मामले को लेकर पीड़ित ने थाने पहुंचकर नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मोहल्ला मिर्दगान निवासी दुकानदार आजम पुत्र इकराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले उसने मोहल्ला गुजरान निवासी एक युवक को करीब पांच हजार रुपये का सामान उधार दिया था। उस समय तय हुआ था कि निर्धारित समय पर युवक उधारी की रकम चुका देगा।
आरोप है कि समय बीतने के बाद जब आजम ने अपनी रकम वापस मांगी तो युवक कथित तौर पर भड़क गया। उसने रुपये देने से इनकार करते हुए दुकानदार के साथ गाली-गलौज की। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने दोबारा अपने पैसे मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली।
धमकी मिलने के बाद दुकानदार ने मामले की शिकायत कांधला थाने में की और नामजद तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही अपनी सुरक्षा की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।