
कमहेड़ा में आजाद समाज पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, रविंदर भाटी का जोरदार स्वागत; भाजपा पर साधा निशाना
मुजफ्फरनगर। ककरौली क्षेत्र के गांव कमहेड़ा में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंदर भाटी का कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत के दौरान राजनीतिक माहौल गर्म रहा और रविंदर भाटी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
रविंदर भाटी ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम सभी को साथ लेकर चलना ही आजाद समाज पार्टी की नीति है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मौलाना साद की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया और कहा कि उन्हें बेकसूर जेल में डाला गया।
उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि विदेशों में जाकर हिंदू-मुस्लिम की बात करने से पहले देश के लोगों को जोड़ने पर ध्यान देना चाहिए।
उपचुनाव में धांधली के आरोप लगाते हुए भाटी ने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
वहीं ग्रामीणों ने नेताओं के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि “जिसे वोट दिया, वह भाजपा में चला गया और जिसे बाद में वोट दिया, उसने भी क्षेत्र के लिए कोई काम नहीं कराया।” ग्रामीणों की इस नाराजगी ने कार्यक्रम में सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी।
कार्यक्रम में दिनेश पाल जिला अध्यक्ष पाल भाईचारा, शाहिद प्रधान, फैजान कुरैशी, मुनीम प्रधान, अफसर प्रधान, गुलहसन प्रधान, तथीर जैदी, उस्मान, मुदस्सिर रजा, मुरसलीन, मुफ्ती शाहनजर मसूदी, नजर मोहम्मद और साहिब कुरैशी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कमहेड़ा में हुए इस कार्यक्रम ने क्षेत्र की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।