
साइबर ठगों ने मोबाइल को बनाया निशाना, महिला के खाते से 49,511 रुपये साफ
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक महिला का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते को निशाना बना लिया और देखते ही देखते खाते से 49,511 रुपये साफ कर दिए। खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान निवासी आरिफ खान ने कांधला थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी गुलसन का पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। आरोप है कि साइबर ठगों ने पहले महिला के मोबाइल को हैक किया और इसके बाद बैंक खाते से छेड़छाड़ कर रकम निकालनी शुरू कर दी। ठगों ने चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 49,511 रुपये खाते से निकाल लिए।
परिजनों को इसकी भनक तब लगी, जब खाते में मौजूद रकम अचानक कम दिखाई दी। बैंक खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बैंक संबंधी जानकारी जुटाई गई तो चार अलग-अलग लेनदेन के जरिए रकम निकाले जाने की बात सामने आई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि साइबर ठगों ने मोबाइल हैक करने के बाद ही बैंक खाते को निशाना बनाया।
घटना के बाद परिवार में साइबर ठगी को लेकर दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात साइबर ठगों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना कांधला प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।