अलमारी में छिपे सांप ने आठ साल की मासूम को डसा, मौत से मचा कोहराम

 

* इल्यास नगर में कपड़े निकालते समय हुआ हादसा, इलाज के बाद भी नहीं बच सकी रुखसार; परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के इल्यास नगर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घर की अलमारी में छिपे बैठे जहरीले सांप ने कपड़े निकाल रही आठ वर्षीय मासूम बच्ची को डस लिया। सांप के डसने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ती चली गई। परिजन उसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे बचाने में असमर्थता जताई। इसके बाद परिजन झाड़-फूंक के लिए भी लेकर गए, मगर बच्ची की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

मृतका की पहचान इल्यास नगर निवासी जुबैर की आठ वर्षीय बेटी रुखसार के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार को रुखसार घर में अलमारी के अंदर कपड़े रख रही थी। इसी दौरान अलमारी में पहले से छिपे बैठे सांप ने अचानक उसे डस लिया। सांप के डसते ही बच्ची घबरा गई और उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और परिजन उसे लेकर उपचार के लिए दौड़ पड़े।

 

मृतका के चाचा महताब के अनुसार, बच्ची की हालत काफी गंभीर थी। परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार करने से मना कर दिया गया। इसके बाद परिवार के लोग बच्ची को झाड़-फूंक कराने के लिए भी ले गए। काफी प्रयासों के बावजूद बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ। देखते ही देखते परिवार की आंखों के सामने मासूम ने दम तोड़ दिया।

 

रुखसार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मासूम की मौत के बाद चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहल्ले में भी घटना की जानकारी फैलते ही मातम छा गया। जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चों की चहल-पहल थी, वहां मासूम की मौत के बाद सन्नाटा पसरा रहा।

 

बताया गया कि रुखसार के पिता जुबैर भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार किराए के मकान में रहता है। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। रुखसार की असामयिक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों को विश्वास ही नहीं हो रहा कि जिस बच्ची को कुछ देर पहले तक वे अपने सामने देख रहे थे, वह अब इस दुनिया में नहीं रही।

 

ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों ने घटना पर गहरा दुख जताया। हादसे ने एक बार फिर घरों में सामान और कपड़ों के बीच छिपे जहरीले जीवों से सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

error: Content is protected !!