
दिव्यांग पति की पत्नी अचानक लापता, नौकरी का झांसा देने वाले युवक पर गंभीर आरोप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव डांगरोल से एक दिव्यांग युवक की पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पति ने गांव के ही एक युवक पर उसकी पत्नी को नौकरी लगवाने का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पत्नी के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए पत्नी को सकुशल बरामद कराने की गुहार लगाई है।
गांव निवासी अली शेर के पुत्र शमीम ने कांधला पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह स्वयं दिव्यांग है। आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसकी पत्नी को नौकरी लगवाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद से उसकी पत्नी का कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों और रिश्तेदारों ने महिला की काफी तलाश की, लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला।
पीड़ित शमीम का कहना है कि पत्नी के अचानक गायब होने से परिवार बेहद परेशान है। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो। पीड़ित ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक की तलाश कराने और उसकी पत्नी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कराने की मांग की है।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की तलाश के साथ-साथ उस युवक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है, जिस पर महिला को नौकरी का झांसा देकर साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महिला के लापता होने की घटना से गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं, पीड़ित पति लगातार अपनी पत्नी की सकुशल वापसी की आस लगाए पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहा है। अब देखना यह है कि पुलिस जांच में महिला के लापता होने की असल वजह क्या सामने आती है और उसे कब तक बरामद किया जा सकेगा।