सड़कों पर घूमते गोवंशों पर चला पालिका का अभियान, 8 गौवंश पहुंचे गौशाला

 

 

* कांधला में पालिका का एक्शन, सड़क पर बेसहारा घूम रहे 8 गोवंश गौशाला भेजे

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। नगर में सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंशों को लेकर नगर पालिका परिषद कांधला ने बुधवार को अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। पालिका की टीम ने नगर के अलग-अलग इलाकों में घूम रहे आठ निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गौशाला बनत भिजवा दिया।

 

नगर पालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम एवं अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर पालिका कर्मचारियों ने नगर क्षेत्र में अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य क्षेत्रों में घूम रहे निराश्रित गोवंशों को चिन्हित कर उन्हें पकड़वाया गया। इसके बाद सभी आठ गोवंशों को सुरक्षित तरीके से गौशाला बनत पहुंचाया गया।

 

पालिका की इस कार्रवाई का उद्देश्य नगर में खुलेआम घूमने वाले बेसहारा पशुओं से आम लोगों को होने वाली परेशानी को कम करना है। कई बार सड़क पर अचानक गोवंश आ जाने से वाहन चालकों को ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की स्थिति बन जाती है। वहीं बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

नगर पालिका अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान से साफ है कि पालिका अब निराश्रित गोवंशों को लेकर गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। टीम द्वारा पकड़े गए गोवंशों को नगर में छोड़ने के बजाय सीधे गौशाला भेजा गया, ताकि वहां उनकी देखभाल हो सके और वे दोबारा सड़कों पर भटकते नजर न आएं।

 

स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि नगर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में बेसहारा गोवंशों की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होता है। ऐसे में पालिका द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर गोवंशों को गौशाला पहुंचाना जरूरी है।

 

नगर पालिका परिषद की ओर से संकेत दिया गया है कि नगर में निराश्रित एवं बेसहारा घूमने वाले गोवंशों को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। पालिका की टीम नगर क्षेत्र में निगरानी रखते हुए ऐसे गोवंशों को पकड़कर निर्धारित गौशाला में पहुंचाने की कार्रवाई करेगी।

error: Content is protected !!