
दिव्यांग मारपीट वीडियो वायरल आरोपी अजीद गिरफ्तार
..
बेल्ट बरसाने वाला वीडियो हुआ था वायरल, कांधला पुलिस ने आरोपी अजीद को किया गिरफ्तार
सादिक सिद्दीक़ी,
कांधला। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांधला के दिल्ली रोड स्थित दिल्ली बस स्टैंड के पास एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ कथित तौर पर बेल्ट से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो में एक युवक दिव्यांग व्यक्ति के साथ बेल्ट से मारपीट करता नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मामला तेजी से चर्चा में आ गया था और लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखने को मिली थी।वीडियो वायरल होने के बाद कांधला पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी थी । पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बुधवार को आरोपी की पहचान गांव नाला निवासी अजीद के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी की पहचान की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया है।वायरल वीडियो में कथित मारपीट के दौरान आसपास लोगों की भीड़ भी दिखाई दे रही थी। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ कथित मारपीट होते देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश क्यों नहीं की।हालांकि इस पूरे मामले में कांधला पुलिस की तत्परता की भी चर्चा हो रही है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 15 अगस्त को जब पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा था, उसी दिन सामने आए इस वीडियो ने लोगों को झकझोर दिया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।