पीठ बाजार को लेकर व्यापारियों में उबाल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

 

* साप्ताहिक पीठ बाजार से कारोबार प्रभावित होने का आरोप, व्यापारियों ने प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग उठाई

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। नगर में लगने वाले साप्ताहिक पीठ बाजार को लेकर स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। मंगलवार को केंद्रीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में 22 हवेलियान धर्मशाला में व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने पहुंचकर पीठ बाजार के संचालन पर कड़ा रोष जताया और इसे बंद कराने की मांग उठाई।

 

बैठक की अध्यक्षता सचिन गोयल एडवोकेट ने की, जबकि व्यापार मंडल के संरक्षक ईश्वर दयाल कंसल ने संचालन किया। व्यापारियों का आरोप था कि नगर में लगने वाले साप्ताहिक पीठ बाजार के कारण स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना था कि पीठ बाजार में विभिन्न प्रकार का सामान कम कीमतों पर उपलब्ध होने के कारण स्थानीय दुकानों की बिक्री प्रभावित हो रही है, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

 

व्यापारियों ने कहा कि स्थानीय दुकानदार नगर में नियमित रूप से कारोबार करते हैं और दुकान के किराये, बिजली, टैक्स समेत अन्य खर्च वहन करते हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले बाजार के कारण यदि उनकी बिक्री प्रभावित हो रही है तो प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।

 

बैठक में व्यापारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने तथा नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि यदि सरकारी गाइडलाइन के अनुसार नए आयोजनों के लिए अनुमति का प्रावधान है तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कांधला में लगने वाला साप्ताहिक पीठ बाजार किस नियम और किस अनुमति के आधार पर लगाया जा रहा है।

 

व्यापारियों ने दो टूक कहा कि यदि पीठ बाजार से स्थानीय दुकानदारों के कारोबार को नुकसान पहुंच रहा है तो प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर जल्द उचित कदम उठाना चाहिए। बैठक के दौरान व्यापारियों में इस मुद्दे को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला।

 

बैठक को संबोधित करते हुए सचिन गोयल एडवोकेट ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा तथा पीठ बाजार को लेकर नियम-कायदे और अनुमति की स्थिति भी स्पष्ट कराई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया।

 

बैठक में संजीव अग्रवाल, मतलूब अंसारी, संजय गोयल, गुलशन खन्ना, आफताब अंसारी, कन्हैया चावला, हिमांशु मित्तल, गुलजार अंसारी, वरुण जैन, वितुल जैन सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

 

बैठक के बाद अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे की रणनीति तय करने पर मजबूर होंगे। इससे आने वाले दिनों में पीठ बाजार का मुद्दा और गरमाने के आसार नजर आ रहे हैं।

error: Content is protected !!