
पत्रकारों की तिरंगा यात्रा ने मचाई धूम, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ जोरदार स्वागत
* तिरंगा यात्रा पर पुष्पवर्षा, भाकियू टीम व व्यापारियों ने किया पत्रकारों का जोरदार स्वागत
सादिक सिद्दीक़ी /
कांधला। खबरों के जरिए समाज को दिशा देने वाली कलम जब हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरी तो पूरा कांधला राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत शुक्रवार को मीडिया जगत की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने इतिहास रच दिया। पत्रकार जितेंद्र चौहान (टिंकू) के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने यह साबित कर दिया कि पत्रकारिता केवल खबरें लिखने का नाम नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सामाजिक एकता और जनजागरण का सबसे मजबूत माध्यम भी है।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहीद वीर अब्दुल हमीद स्मारक से हुआ, जहां पत्रकारों ने राष्ट्रध्वज फहराकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद भारत माता के जयघोष, वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों के बीच यात्रा पूरे कस्बे से होकर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान ऐसा माहौल बना कि पूरा कस्बा तिरंगामय दिखाई दिया। नगर के कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर पत्रकारों और तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह फल, शीतल पेय और जलपान की व्यवस्था कर नागरिकों ने पत्रकारों का सम्मान किया।
इस ऐतिहासिक यात्रा में हिंदू-मुस्लिम समाज कंधे से कंधा मिलाकर चला, जिसने राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। कांधला विकास मंच, मुस्लिम गुर्जर समिति, व्यापार मंडल, किसान यूनियन समेत अनेक सामाजिक संगठनों ने यात्रा को अपना खुला समर्थन दिया।
नगरवासियों ने कहा कि कांधला के इतिहास में पहली बार मीडिया जगत ने इतने बड़े स्तर पर तिरंगा यात्रा निकालकर यह संदेश दिया है कि पत्रकार केवल सवाल नहीं उठाता, बल्कि समय आने पर समाज को जोड़ने और देशहित में नेतृत्व करने की भी क्षमता रखता है।
यात्रा में नावेद जंग, ईश्वर दयाल कंसल, सचिन गोयल, अमित गर्ग, पिंटू गोयल, कय्यूम जंग, गय्यूर प्रधान, बदरूजमा, रहीस पठान, इस्तखार भाटी, फुरकान जंग, राजीव चौहान, आरिफ जंग, अमन मित्तल, मुनव्वर हसन, सोनू ठाकुर, शुभम मित्तल, रहमान सुलेमानी, पुष्पेंद्र चौहान, सोनू जंग, नदीम अली, रिजवान आरजू, आदिल राणा, साजिद सिद्दीकी, इरफान भूरा, सादिक सिद्दीकी, विनीत शर्मा, तारिक आरजू, प्रदीप शर्मा, प्रतिभा उर्फ सिमरन समाजसेवी बदरू पठान सहित पत्रकार, व्यापार मंडल, किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया कि जब पत्रकार की कलम और हाथ में तिरंगा एक साथ हों, तो राष्ट्रभक्ति की आवाज़ सबसे बुलंद होती है।