तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, युवक की मौत; दो साथी घायल

 

* कांधला से घर लौट रहे तीन युवकों को नायरा पेट्रोल पंप के पास मारी टक्कर, चालक ट्रक समेत फरार

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला थाना क्षेत्र के जसाला गांव स्थित नायरा पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।

 

जानकारी के अनुसार थाना भवन क्षेत्र के गांव भैंसाना इस्लामपुर निवासी हरीश पुत्र आशू मिस्त्री अपने साथी सोहेल और आस मोहम्मद के साथ बाइक से कांधला आए थे। तीनों युवक देर शाम अपने गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जसाला गांव स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।

 

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हरीश ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं घायल दोनों युवकों का अस्पताल में उपचार जारी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और चालक की तलाश में जुट गई है।

 

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि अभी तक मृतक या घायलों के परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर फरार ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!