तेज रफ्तार और नशे का कहर, पूर्वी यमुना नहर पुल पर बड़ा हादसा टला

 

* शराब के नशे में मौत बनकर दौड़ी ईको! पूर्वी यमुना नहर पुल के डिवाइडर पर चढ़ी कार, बाल-बाल बची कई ज़िंदगियां

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के पूर्वी यमुना नहर पुल पर मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। शराब के नशे में तेज रफ्तार से दौड़ाई जा रही एक ईको कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल के बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े और कुछ ही देर में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त डिवाइडर के आसपास कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा यह दुर्घटना कई लोगों की जान ले सकती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईको कार तेज गति से कांधला की ओर आ रही थी। पुल पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ देर के लिए पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। तेज रफ्तार और नशे के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे ईको कार डिवाइडर पर चढ़ गई। चालक को हिरासत में लिया गया है और जांच के आधार पर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि पुल और मुख्य मार्गों पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो सके। लोगों का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल चालक ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की जान के लिए गंभीर खतरा है।

इस हादसे ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। गनीमत रही कि इस बार कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन थोड़ी सी चूक कई परिवारों की खुशियां छीन सकती थी।

error: Content is protected !!