
तिरंगे की शान में एकजुट हुआ कांधला, सैकड़ों लोगों ने निकाली भव्य यात्रा
* भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, तिरंगा यात्रा में पत्रकारों ने भी बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी, दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

सादिक सिद्दीकी,
| कांधला।स्वतंत्रता दिवस से पूर्व चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को कांधला नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के तत्वावधान में मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन के नेतृत्व में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के गगनभेदी नारों के बीच निकली यात्रा ने पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दिल्ली बस स्टैंड स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा से हुआ, जहां ब्लॉक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहे।
नगर मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन ने कहा कि तिरंगा यात्रा “राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि” की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की जा रही है। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कैराना रोड स्थित वीर अब्दुल हमीद चौक पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। तिरंगा लहराते युवाओं, महिलाओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे नगर में राष्ट्रभक्ति का ऐसा माहौल बना कि हर ओर तिरंगे की शान और देशप्रेम की भावना दिखाई दी।
तिरंगा यात्रा में पत्रकारों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। मीडिया सेंटर कांधला के अध्यक्ष विनय बालियान, सादिक सिद्दीकी, साजिद सिद्दीकी, राजेश कुमार, नवाब चौधरी, मोहित शर्मा राशिद जंग, वरुण पंवार, तनुज कुमार, देवेंद्र कुमार सहित अनेक पत्रकार हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। पत्रकारों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा में ब्लॉक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक, मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन, मंडल उपाध्यक्ष प्रतिभा उर्फ सिमरन, दीपक गुप्ता, राजीव शर्मा, संजय मित्तल, अशोक चौहान, रवि नामदेव, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, मौ. जहांगीर, सादिक जंग, सौरभ चौधरी, हाजी इस्लाम, फैसल बैग, अनिल बोहरा, बदरू जमा, मुनव्वर जंग, अंकित सैनी, हरिमोहन चौहान, सोनू चौहान, डॉ. रणवीर, रज्जो, आबिद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। राष्ट्रभक्ति के जोश, तिरंगे की शान और जनसैलाब की शानदार भागीदारी ने कांधला की इस तिरंगा यात्रा को यादगार बना दिया।