सड़क पर मची चीख-पुकार, आमने-सामने की भिड़ंत

 

* नशे में बाइक चलाने का आरोप, आमने-सामने की भिड़ंत में 12 वर्षीय मासूम समेत तीन गंभीर घायल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भभीसा में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 12 वर्षीय बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान गांव आट्टा निवासी रोहित पुत्र वीरेंद्र, गांव सुनना निवासी सावन तथा 12 वर्षीय सचिन उर्फ भूरा पुत्र रणवीर के रूप में हुई है। सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।

हादसे को लेकर गांव आट्टा निवासी गंगाराम ने आरोप लगाया कि गांव सुनना का एक युवक शराब के नशे में बाइक चला रहा था। आरोप है कि तेज रफ्तार और नशे की हालत में उसने सामने से आ रही दूसरी बाइक में सीधी टक्कर मार दी, जिससे यह भीषण हादसा हुआ और मासूम बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!