इंस्टाग्राम पर महिलाओं के कथित अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

कांधला, संवाददाता।

थाना क्षेत्र के गांव डुंडूखेड़ा बांगर में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर परिवार की महिलाओं और युवतियों के कथित अश्लील फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसका पड़ोसी पप्पन पुत्र मांगा लंबे समय से उसके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहा है। आरोप है कि आरोपी ने उसकी पत्नी, बेटी और भांजी के कथित अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिए, जिससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लगातार मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करता है और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, परिवार की लड़कियों का अपहरण करने की धमकी भी दी गई है, जिसके चलते पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी द्वारा भेजे गए कथित फोटो और वीडियो उसके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें वह जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उसने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!