आवारा पशु पकड़ने का विरोध पड़ा भारी, युवक पर लाठी-डंडों से हमला, मुकदमे की मांग
कांधला, संवाददाता।
थाना क्षेत्र के गांव भनेड़ा में आवारा पशु पकड़ने का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया, जिसमें वह घायल हो गया। पीड़ित ने थाना कांधला पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गांव भनेड़ा निवासी अमरीश कुमार पुत्र सोमपाल ने थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे वह असारा मार्ग स्थित अपने खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास उसने आशीष पुत्र सीताराम को अपने कुछ साथियों के साथ एक आवारा गाय को पकड़वाते हुए देखा। अमरीश का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध करते हुए ऐसा न करने की बात कही, तो आशीष और उसके साथ मौजूद लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद अमरीश कुमार ने थाना कांधला में तहरीर देकर चिकित्सीय परीक्षण कराने तथा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।