पंजोखरा के पास बड़ा हादसा टला, आवारा गोवंश से टकराई कार
कांधला।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविवार को एक बार फिर आवारा गोवंश सड़क हादसे की बड़ी वजह बन गया। गांव पंजोखरा के निकट अचानक सड़क पर आए गोवंश से कार की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी मनोज अपनी कार से शामली जा रहे थे। पंजोखरा के पास पहुंचते ही सामने से आया एक आवारा गोवंश अचानक सड़क के बीचों-बीच आ गया। चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के चलते कार सीधे गोवंश से टकरा गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और कार में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक सुरक्षित मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर आवारा गोवंश लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा गोवंश को गौशालाओं में नहीं भेजा गया तो भविष्य में कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है।