
स्वच्छ कांधला की ओर कदम, यूनिक स्कूल रोड पर पालिका की बड़ी पहल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच शनिवार को नगर पालिका परिषद कांधला ने यूनिक स्कूल रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाकर अपनी सक्रियता का दम दिखाया। सुबह से ही सफाई कर्मचारियों की टीम मैदान में उतर गई और सड़क पर फैली गंदगी, कूड़े के ढेर और नालियों में जमा कचरे को हटाया गया
पालिका के इस अभियान से यूनिक स्कूल रोड पर लंबे समय से जमी गंदगी साफ होती दिखाई दी। सफाई कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे जमा कचरा उठाया गया, नालियों की सफाई कर जल निकासी को दुरुस्त किया गया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि कूड़ा खुले में फेंकने की बजाय निर्धारित स्थान पर डालें और स्वच्छता अभियान में पालिका का सहयोग करें। उनका कहना है कि नगर के हर वार्ड और प्रमुख मार्ग पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि गंदगी को जड़ से खत्म किया जा सके।
पालिका का कहना है कि बरसात के मौसम को देखते हुए यह अभियान और तेज किया जाएगा, जिससे जलभराव, दुर्गंध और बीमारियों का खतरा कम हो सके। अब देखना यह होगा कि नगरवासी भी इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं या फिर सड़कें दोबारा कूड़े का अड्डा बन जाती हैं।