
बात बिगड़ी तो बरसने लगे लाठी डंडे एक युवक गंभीर रूप से घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव निवासी जयवीर और आकाश के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी में तैनात डॉ. रवि ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने कांधला थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार निष्पक्ष और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट की इस घटना से गांव में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।