
मुफ्त इलाज मुफ्त दवाइयां कांधला मे स्वास्थ्य शिविर ना जीता लोगों का दिल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में रविवार को जनसेवा और मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। प्रमुख समाजसेवी नोशाद मलिक और मोबीन राणा की पहल पर आयोजित विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सुबह से ही मरीजों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गांव सिवाह स्थित पार्क हॉस्पिटल (NH-1) से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर में पहुंचे लोगों ने इसे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।
शिविर में आंखों की जांच, हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, खून की कमी (एनीमिया) सहित कई गंभीर बीमारियों की निशुल्क जांच की गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया और बिना किसी शुल्क के दवाइयां भी वितरित कीं। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम साबित नहीं हुआ।
शिविर का संचालन ब्रिगेडियर डॉ. यशपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने अपनी टीम के साथ प्रत्येक मरीज की गंभीरता से जांच की और लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज करना आगे चलकर गंभीर बीमारी का रूप ले सकता है, इसलिए नियमित जांच बेहद आवश्यक है।
इस अवसर पर डॉ. रोहिल, डॉ. मोईन खान, कैंप कोऑर्डिनेटर अभिषेक, नर्सिंग स्टाफ सुप्रीम टंडन, स्नेहा, कीर्ति स्वामी और देवेंद्र ने भी अपनी सेवाएं देकर शिविर को सफल बनाया। पूरे शिविर के दौरान डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने मरीजों का धैर्यपूर्वक परीक्षण किया और उन्हें उचित इलाज की जानकारी दी।
आयोजक नोशाद मलिक और मोबीन राणा ने कहा कि समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनका उद्देश्य है। भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे।
शिविर में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने आयोजकों और डॉक्टरों की मुक्तकंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि बढ़ती महंगाई के दौर में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर गरीबों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।