
खेतो के ऊपर मौत का साया झूल रहे हाईटेशन तार किसान ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। भारसी गेट के समीप खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन (एचटी) विद्युत लाइन किसानों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। खेतों के ऊपर झूल रहे बिजली के तारों से हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। इसको लेकर किसान ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा निवासी अमरपाल ने जिलाधिकारी आलोक यादव को दिए शिकायती पत्र में बताया कि भारसी गेट के समीप उनका कृषि खेत और ट्यूबवेल स्थित है। खेत के ऊपर से विद्युत विभाग की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, लेकिन उसके तार निर्धारित ऊंचाई से काफी नीचे लटक रहे हैं। खेत में कृषि कार्य करते समय ट्रैक्टर, ट्रॉली, हार्वेस्टर, कृषि यंत्रों और ट्यूबवेल पर आने-जाने वाले लोगों के लिए यह लाइन हर समय जानलेवा खतरा बनी हुई है।
किसान का कहना है कि बारिश के दिनों में खेतों में पानी भर जाने और नमी बढ़ने के कारण बिजली से हादसे की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। यदि समय रहते इन तारों को ऊंचा नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसी स्थिति में किसान, खेतों में काम करने वाले मजदूर और आसपास से गुजरने वाले ग्रामीण इसकी चपेट में आ सकते हैं।
पीड़ित किसान ने आरोप लगाया कि समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई। इससे ग्रामीणों में भी भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों को किसी अनहोनी का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि समय रहते खतरे को समाप्त करना चाहिए।
किसान अमरपाल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाए और नीचे लटक रहे हाईटेंशन तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।