
सफाई कर्मचारियों का बड़ा फैसला, एकजुट होकर चुना अपना नया अध्यक्ष
* ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं से भव्य स्वागत, कर्मचारियों ने संगठन को नई मजबूती देने का लिया संकल्प
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला नगर पालिका परिषद में सफाई कर्मचारियों की एकजुटता और उत्साह के नाम रहा। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने नई यूनियन का गठन करते हुए सर्वसम्मति से सती उर्फ कल्लू को अध्यक्ष चुन लिया। अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा होते ही पूरा माहौल जश्न में बदल गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर समर्थक झूम उठे, फूल-मालाओं से नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया गया और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया। कार्यक्रम पूरे दिन नगर में चर्चा का विषय बना रहा।मोहल्ला माजरा स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एकत्र हुए। बैठक में कर्मचारियों के अधिकारों, संगठन की मजबूती, कार्यस्थल की समस्याओं और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। कर्मचारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सभी कर्मचारियों की आवाज़ को मजबूती देना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करना है।
बैठक के दौरान कई कर्मचारियों ने अपने विचार रखते हुए कहा कि जब संगठन मजबूत होता है, तब कर्मचारियों की आवाज़ भी मजबूती से उठती है। इसी सोच के साथ सभी ने एकमत होकर सती उर्फ कल्लू को यूनियन की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया। किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया और सर्वसम्मति से उन्हें अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
अध्यक्ष बनने के बाद समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सती उर्फ कल्लू को फूल-मालाओं से लाद दिया गया। समर्थकों ने नारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इसके बाद कर्मचारियों का काफिला नगर पालिका परिषद पहुंचा, जहां भी स्वागत का सिलसिला जारी रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई यूनियन कर्मचारियों और नगर हित दोनों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक कार्य करेगी। साथ ही सभी कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
कार्यक्रम में वार्ड सभासद कय्यूम जंग का भी कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने संगठन की एकता की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
इस मौके पर रोहित, राजेश, राजकुमार, राहुल, विनोद, अजय, राजन, धीरज, रीता, सागर, सचिन, सुमित, रामकिशन, विनय, विकास, रोशनलाल, लक्ष्मी, कृष्णपाल, मनोज, विशाल, विजेंद्र, ओम, ओमप्रकाश, दिनेश, तरुणा, रमेशचंद सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी, यूनियन पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे।