उत्तर प्रदेश कैराना

एनजीटी के नियमों को दरकिनार कर मंडावर व नगला राई में धड़ल्ले से रेत खनन जारी

एनजीटी के नियमों को दरकिनार कर मंडावर व नगला राई में धड़ल्ले से रेत खनन जारी

एनजीटी के नियमों को दरकिनार कर भारी भरकम मशीनों से बहती जलधारा से निकाला जा रहा है बालू

कैराना। मंडावर व नगलाराई में वैध पट्टों की आड़ में अवैध रूप से रेत की लूट जारी है। एनजीटी की गाइडलाइन को दरकिनार करते हुए खनन माफिया भारी भरकम पोर्कलेन मशीनों को पानी में उतार कर बहती जलधारा के बीच से बालू निकाल रहे हैं। सब कुछ जानते हुए भी प्रशासन अनजान बना हुआ है।

आखिरी समय में रेत माफियाओं ने अवैध रेत खनन करने में पूरी ताकत झोंक दी है। तमाम नियम कायदों को ताक पर रखकर माफियाओं द्वारा यमुना नदी के सीने को छलनी किया जा रहा है। एनजीटी की गाइडलाइन की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।बेखौफ खनन माफियाओं को आखिर किसका संरक्षण प्राप्त है, दिन रात भारी भरकम पोर्कलेन मशीनें यमुना नदी में गरज रही हैं और यमुना की बहती जलधारा के बीच से रेत निकाल रही हैं। बहते पानी के बीच से खनन माफियाओं को रेत निकालने अनुमति किसने दी है? और अगर अनुमति नही है तो फिर किसके इशारे पर यमुना की कोख को छलनी किया जा रहा है। सवाल यह है कि रेत का इतना बड़ा खेल किसके संरक्षण में चलाया जा रहा है।कार्रवाई तो दूर की बात स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी अपने कार्यालयों से भी निकलना मुनासिब नहीं समझते,क्या ऐसे में कानून का पालन करा पाएंगे?

कौन कराए एनजीटी के नियमों का पालन ?

जहां कानून के रखवाले गहरी नींद में सोए हों, वहां कानून का पालन कैसे होगा। ऐसा ही जनपद शामली में देखने को मिल रहा है,जहां खनन माफियाओं को अवैध रेत खनन करने की खुली छूट दी गई है। ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित अधिकारियों ने खनन माफियाओं के सामने समर्पण कर दिया हो।ऐसे में एनजीटी की गाइडलाइन का पालन कैसे और कौन कराएगा?

मानसून से पहले मची रेत की लूट

खनन माफियों आखिरी समय में यानी 31 जून से पहले पहले रेत का स्टॉक करने में लगे हुए हैं,इस दौरान उन्हें कानून का जरा भी खौफ नही है।मानसून सीजन के दौरान तीन माह तक यमुना नदी से खनन पर रोक होती है।इसी को देखते हुए खनन माफियाओं द्वारा रेत की लूट करने में पूरा दम खम लगाया हुआ है। आश्चर्यजनक बात तो यह है कि यह सब कुछ प्रशासन के सामने किया जा रहा है। इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नही की जा रही है।

अरशद चौधरी
मुख्य सम्पादक - विजिलेंस मीडिया ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *